
आरटीओ से बोले बस ऑपरेटर, डग्गामार वाहन बंद कराओ, नहीं तो 10 सितंबर से आंदोलन करेंगे हम👇
मुरैना। बस ऑपरेटर्स यूनियन मुरैना ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट व एसपी ऑफिस पहुंचकर ज्ञापन सौंपा, जिसमें डग्गामार वाहनों के खिलाफ कार्यवाही सहित अन्य मांगें उठाई गई हैं। चेतावनी दी गई है कि कार्यवाही न होने की दशा में अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा।
बस ऑपरेटरों का कहना है कि जिले के सभी बस संचालक नियमित रूप से टैक्स एवं अन्य राजस्व का भुगतान करते हैं, इसके बावजूद लंबे समय से उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। यूनियन ने प्रशासन से मांगों पर प्राथमिकता से कार्रवाई करने की अपील की है।
बस ऑपरेटरों ने मुरैना-अंबाह-पोरसा-भिंड बायपास मार्ग की खराब स्थिति का मुद्दा भी उठाया है। उनका कहना है कि सड़क खराब होने के कारण बसों में आए दिन टूट-फूट होती है, जिससे संचालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने सड़क की मरम्मत होने तक वैकल्पिक मार्ग से बसों को शहर में प्रवेश की अनुमति देने की मांग की है।
ज्ञापन में बस स्टैंड परिसर में हाथ ठेला, गुमटी और अस्थाई दुकानों के कारण हो रहे अतिक्रमण को हटाने तथा बस स्टैंड परिसर की नियमित साफ-सफाई कराने की मांग की गई है।
ऑपरेटरों ने क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय मुरैना में संबंधित अधिकारी की नियमित उपस्थिति की मांग भी रखी है। उनका कहना है कि अधिकारी के उपलब्ध नहीं रहने से वाहनों के आरटीओ संबंधी कार्यों में परेशानी होती है।
परिवहन अधिकारी ने बस ऑपरेटर्स को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों पर जल्द ही कार्यवाही की जाएगी।