
औरंगाबाद में छठ महापर्व में आज भी जीवित है जाता पर गेहूं पीसने की सदियों पुरानी परंपरा।
आधुनिक मशीनों के दौर में आस्था और शुद्धता के लिए पारंपरिक चक्की का हो रहा इस्तेमाल।
आधुनिकता के इस दौर में जहां गेहूं पीसने के लिए बिजली की चक्की और आटा मिलों का इस्तेमाल आम हो गया है, वहीं लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर बिहार के औरंगाबाद जिले के कई घरों में आज भी सदियों पुरानी परंपरा जीवित है।
छठ व्रती महिलाएं आज भी पारंपरिक जाता (हाथ से चलने वाली चक्की) पर अपने हाथों से गेहूं पीसकर ठेकुआ और अन्य प्रसाद के लिए आटा तैयार कर रही हैं। यह परंपरा न सिर्फ उनकी अटूट आस्था को दर्शाती है, बल्कि पूर्वजों की विरासत को सहेजने का भी संदेश देती है।
*पूर्वजों की धरोहर है जाता*
छठ व्रती किरण कुमारी, कुसुम देवी और रेणु देवी ने बताया कि उनके घरों में पूर्वजों के समय से ही जाता सुरक्षित रखा गया है। छठ महापर्व के दौरान वे आज भी इसी पारंपरिक चक्की से गेहूं पीसकर प्रसाद के लिए आटा तैयार करती हैं। उनका कहना है कि समय भले ही बदल गया हो, लेकिन छठ पूजा से जुड़ी परंपराओं के प्रति उनकी आस्था आज भी वैसी ही बनी हुई है।
*शुद्धता का रखा जाता है विशेष ध्यान*
व्रतियों ने बताया कि छठ पूजा में शुद्धता और पवित्रता का विशेष महत्व होता है। इसी भावना के साथ गेहूं को पहले अच्छी तरह साफ कर धूप में सुखाया जाता है, फिर घर में ही जाता पर पीसा जाता है। इस पूरे कार्य में परिवार के सदस्य भी उत्साह के साथ सहयोग करते हैं। तैयार आटे से पारंपरिक ठेकुआ सहित अन्य प्रसाद बनाए जाते हैं।
*संस्कृति की पहचान बना जाता*
बदलते समय के साथ घरों से जाता का इस्तेमाल लगभग खत्म हो चुका है। नई पीढ़ी के लिए हाथ से चक्की चलाना मेहनत भरा काम है, लेकिन छठ महापर्व की आस्था उन्हें आज भी इस विरासत से जोड़े हुए है।
छठ के मौके पर घर के कोने में रखी पुरानी चक्की फिर से बाहर आ जाती है। यह केवल गेहूं पीसने का साधन नहीं, बल्कि पूर्वजों की यादों, पारिवारिक संस्कारों और लोक संस्कृति की अनमोल धरोहर है। आधुनिकता के बीच जाता की घरघराहट इस बात की गवाही दे रही है कि आस्था से जुड़ी परंपराएं कभी कमजोर नहीं होतीं, बल्कि पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ती रहती हैं।