
बैंक से 1.73 करोड़ रुपये के गबन का आरोपी पूर्व शाखा प्रबंधक फरार, बिहार में कुर्की की कार्रवाई
#देवरिया। बड़ौदा यूपी बैंक की भवानीछापर शाखा से 1.73 करोड़ रुपये से अधिक के गबन के मामले में वांछित पूर्व शाखा प्रबंधक के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। गुरुवार को देवरिया की श्रीरामपुर पुलिस ने बिहार के बक्सर जिले में स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपी के खिलाफ न्यायालय से जारी कुर्की आदेश की तामील कराई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी रोहित कुमार सिंह पुत्र अर्जुन कुमार सिंह उर्फ हरेराम सिंह, ग्राम उमेदपुर, थाना ब्रह्मपुर, जिला बक्सर (बिहार) का निवासी है। वह श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के भवानीछापर स्थित बड़ौदा यूपी बैंक में तत्कालीन शाखा प्रबंधक था। उस पर बैंक से 1 करोड़ 73 लाख 50 हजार रुपये के गबन का आरोप है।
इस मामले में 18 जून 2024 को श्रीरामपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 146/2024 के तहत धारा 409 भादवि में मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमे में वांछित होने के बावजूद आरोपी न्यायालय में उपस्थित नहीं हुआ। इसके बाद न्यायालय ने उसके खिलाफ धारा 83 सीआरपीसी के तहत कुर्की आदेश जारी किया था।
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में गुरुवार को श्रीरामपुर पुलिस की टीम बक्सर पहुंची और थाना ब्रह्मपुर की स्थानीय पुलिस के सहयोग से न्यायालय के आदेश का अनुपालन कराया। पुलिस की इस कार्रवाई को बैंक गबन के मामले में आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।
#deorianews #deoriaup
Barhaj, Deoria | Nov 12, 2026