
अघोषित बिजली कटौती से गंगरार की जनता परेशान।
दैनिक वीरधरा राजस्थान।
गंगरार। कस्बे में इन दिनों अघोषित बिजली कटौती ने आमजन की परेशानी बढ़ा दी है। लोगों का आरोप है कि बिना किसी पूर्व सूचना के प्रतिदिन बिजली कटौती की जा रही है। खासकर शाम को भोजन के समय और रात्रि में बार-बार बिजली गुल होने से घरेलू उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रात्रि के समय बिजली कटौती के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, वहीं बुजुर्गों, महिलाओं और छोटे बच्चों को भी गर्मी व अंधेरे के बीच परेशानी उठानी पड़ रही है। शाम के समय बिजली बंद होने से लोगों के घरेलू कामकाज भी प्रभावित हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली कटौती यदि आवश्यक है तो विद्युत विभाग को पहले से निर्धारित समय की सूचना सार्वजनिक करनी चाहिए, ताकि लोग अपनी दिनचर्या उसी के अनुसार व्यवस्थित कर सकें। लेकिन बिना सूचना के अचानक बिजली बंद किए जाने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि अघोषित बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाई जाए और यदि कटौती आवश्यक हो तो उसकी पूर्व सूचना दी जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।