
CCTV नहीं मिला तो बालू स्टॉक यार्ड का ID बंद, प्रमोद तांती को नोटिस
लखीसराय। चानन थाना क्षेत्र के गोपालपुर मौजा स्थित बालू स्टॉक यार्ड में अवैध रूप से बालू बिक्री किए जाने की शिकायत पर जिला प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। जिला पदाधिकारी के निर्देश पर संबंधित स्टॉक यार्ड का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान यार्ड में CCTV कैमरा स्थापित नहीं पाया गया।
CCTV नहीं मिलने पर स्टॉक यार्ड के लाइसेंसधारी प्रमोद तांती को नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया था। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बावजूद लाइसेंसधारी की ओर से कोई स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं किया गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला पदाधिकारी के निर्देश पर संबंधित ID को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है। प्रशासन अब स्टॉक यार्ड में उपलब्ध बालू की वास्तविक मात्रा का ड्रोन के माध्यम से भौतिक सत्यापन और मापी कराएगा।
ड्रोन सर्वेक्षण एवं भौतिक सत्यापन की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, बालू के अवैध भंडारण एवं बिक्री तथा नियमों के उल्लंघन के मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।