
राष्ट्रीय लोक अदालत में परिवहन मामलों का होगा त्वरित निष्पादन,
ई-चालान और लंबित वाहन संबंधी वादों के निपटारे के लिए विशेष काउंटर व हेल्प डेस्क की होगी व्यवस्था
शिवहर, 9 सितंबर। आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) के सचिव एवं जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परिवहन विभाग से जुड़े लंबित मामलों, मोटर वाहन अधिनियम के तहत वादों तथा ट्रैफिक ई-चालान के त्वरित निष्पादन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक का उद्देश्य परिवहन एवं यातायात से जुड़े मामलों का आपसी सहमति और समझौते के आधार पर प्राथमिकता से निस्तारण सुनिश्चित करना है। राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस द्वारा किए गए लंबित ई-चालान तथा न्यायालय में लंबित वाहन संबंधी मामलों के निपटारे की विशेष व्यवस्था की जाएगी।
वाहन मालिकों को समय पर भेजा जाएगा नोटिस
डीएलएसए सचिव ने संबंधित वाहन मालिकों एवं चालान धारकों को समय रहते सूचना और नोटिस उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि वे लोक अदालत के दिन उपस्थित होकर अपने मामलों का निपटारा करा सकें। इसके लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
विशेष हेल्प डेस्क और काउंटर होंगे स्थापित
आम लोगों की सुविधा के लिए राष्ट्रीय लोक अदालत परिसर में परिवहन विभाग से संबंधित समर्पित काउंटर एवं हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएंगे। यहां वाहन मालिकों को लंबित मामलों एवं ई-चालान से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने के साथ ही निस्तारण की प्रक्रिया में सहायता दी जाएगी।
12 सितंबर को लाभ उठाने की अपील
डीएलएसए सचिव एवं जिला परिवहन पदाधिकारी ने जिले के नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने लंबित ई-चालान एवं वाहन संबंधी न्यायालयीन मामलों का निपटारा कराने के लिए 12 सितंबर को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
अधिकारियों ने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से मामलों का सौहार्दपूर्ण तरीके से निपटारा होने से पक्षकारों को समय और धन की बचत होगी तथा न्यायालयों में लंबित मामलों का बोझ भी कम होगा।