
सुबह-सुबह कैंचीधाम में मचा हड़कंप, 150 मीटर गहरी खाई में गिरा वाहन 3 लोग घायल टली बड़ी अनहोनी
नैनीताल। कैंचीधाम क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब दूध लेकर जा रहा एक पिकअप वाहन सड़क से करीब 100 से 150 मीटर नीचे गहरी खाई में नदी के पास जा गिरा। हादसे में वाहन सवार तीन लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही कैंचीधाम चौकी पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद तीनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार, 6 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 5 बजे कैंची मंदिर क्षेत्र में केरल ढाबे के पास एक स्थानीय व्यक्ति ने सड़क से काफी नीचे नदी की ओर किसी वाहन की लाइट जलती हुई देखी। वाहन के खाई में गिरने की आशंका पर तत्काल कैंचीधाम पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही कैंचीधाम चौकी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सर्च अभियान शुरू किया। एसडीआरएफ तथा स्थानीय लोगों की मदद से खाई में तलाश की गई, जहां नदी के पास करीब 100 से 150 मीटर नीचे दूध का पिकअप वाहन संख्या UK04 CC 3465 मिला। वाहन में तीन लोग फंसे हुए थे और घायल अवस्था में थे।
रेस्क्यू टीम ने बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में खाई में उतरकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद तीनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली भेजा गया, जहां उनका उपचार कराया गया।
हादसे में घायल लोगों की पहचान अंकित सिंह (33), पुत्र स्वर्गीय सतपाल सिंह, निवासी बड़ी मंडी, सनी बाजार रोड, हल्द्वानी, वाहन चालक के रूप में हुई है। उनके अलावा बॉबी (22), पुत्र ओम प्रकाश, निवासी बड़ी मंडी, सनी बाजार रोड, हल्द्वानी और मोहम्मद साकिब (11), पुत्र नफीस अहमद, निवासी हल्द्वानी भी घायल हुए हैं।
रेस्क्यू अभियान में चौकी प्रभारी कैंचीधाम उपनिरीक्षक विजय कुमार, अपर उपनिरीक्षक विजय कुमार, कांस्टेबल विनोद यादव और कांस्टेबल महेश गोस्वामी शामिल रहे। पुलिस और रेस्क्यू टीम की त्वरित कार्रवाई के चलते तीनों घायलों को समय रहते खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया जा सका।
हादसे के बाद कैंचीधाम क्षेत्र में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। फिलहाल हादसा किस कारण हुआ, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
#Nainital #KainchiDham #KainchiDhamNews #Uttarakhand #Haldwani #RescueOperation #UttarakhandPolice #RoadAccident #BreakingNews