
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे प्रभारी सचिव, राहत-बचाव के साथ बिजली व्यवस्था का लिया जायजा
बक्सर । जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का रविवार को प्रभारी सचिव-सह-सचिव, ऊर्जा विभाग एवं अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक, BSPHCL तथा बक्सर के पूर्व जिलाधिकारी अजय यादव ने निरीक्षण किया। उन्होंने जिला पदाधिकारी साहिला समेत अन्य वरीय अधिकारियों के साथ प्रभावित इलाकों का दौरा कर जमीनी स्थिति की जानकारी ली और ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों के साथ बिजली आपूर्ति की स्थिति की जानकारी ली। स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी आवश्यकताओं और विद्युत संबंधी समस्याओं के बारे में भी फीडबैक लिया।
इसके बाद जिला समाहरणालय में आपदा प्रबंधन को लेकर समीक्षा बैठक हुई। इसमें बाढ़ की स्थिति, राहत एवं बचाव कार्य तथा प्रभावित क्षेत्रों में उपलब्ध कराई जा रही आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा की गई। प्रभारी सचिव ने अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित लोगों तक जरूरी सहायता समय पर पहुंचाने और आपदा की स्थिति में त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
राजस्व संग्रहण और बिजली व्यवस्था की समीक्षा
बैठक में ऊर्जा सचिव ने जिले में राजस्व संग्रहण के साथ विद्युत संचालन एवं अनुरक्षण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर एवं नियमित समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया, ताकि स्थानीय स्तर पर बिजली से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो सके।
उन्होंने खराब मीटरों की स्थिति की भी जानकारी ली। अधिकारियों को डिफेक्टिव मीटरों की मरम्मत अथवा जरूरत के अनुसार उन्हें बदलने की कार्रवाई निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने का निर्देश दिया गया। विभागीय SOP के अनुरूप सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया गया।
अर्जुनपुर में रूफटॉप सोलर योजना का लिया फीडबैक
प्रभारी सचिव अजय यादव अर्जुनपुर गांव भी पहुंचे, जहां उन्होंने ULA-कुटीर ज्योति योजना के तहत रूफटॉप सोलर लगाने वाले लाभार्थी के घर का निरीक्षण किया। उन्होंने लाभार्थी से सीधे बातचीत कर सौर ऊर्जा से मिल रहे लाभ, बिजली के उपयोग में आए बदलाव और योजना के अनुभव की जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को पात्र परिवारों तक ULA-कुटीर ज्योति योजना का लाभ प्रभावी तरीके से पहुंचाने तथा योजना के क्रियान्वयन की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया। साथ ही पात्र परिवारों को योजना से जोड़ने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा।
निरीक्षण और समीक्षा बैठक के दौरान जिला प्रशासन एवं विद्युत विभाग के वरीय पदाधिकारी और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Buxar, Buxar | Sep 8, 2026