
*मोबाइल पर लाइव रहेगी सरकार; केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों को समर्पित किया नया पोर्टल*
*किसानों को मोबाइल पर ही मिलेंगी खेती-किसानी से जुड़ी सभी योजनाओं की जानकारी, दफ्तरों के चक्कर काटे बिना किसानों तक सीधे पहुंचेगी मदद- शिवराज सिंह चौहान*
*अब घर बैठे मिलेगी खाद-बीज और योजनाओं की जानकारी, शुरू हुआ बेहद आसान 'एग्री वेलफेयर पोर्टल'*
*एक ही जगह मिलेंगी मंत्रालय की सभी सेवाएं, अन्नदाता डिजिटली होगा और सशक्त- शिवराज सिंह चौहान*
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘डिजिटल इंडिया’ और किसान कल्याण के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने नवरात्रि की नवमी पर किसानों के लिए संशोधित 'एग्री वेलफेयर पोर्टल' का औपचारिक शुभारंभ किया। इस नए पोर्टल का मुख्य उद्देश्य देश के अन्नदाताओं तक सरकारी योजनाओं, आर्थिक सहायता और खेती से जुड़ी सटीक जानकारियों को बिना किसी परेशानी और बिचौलियों के सीधे उनके मोबाइल फोन तक पहुंचाना है।
शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का स्पष्ट विजन है कि सरकार हर समय आम नागरिक और किसान के लिए मोबाइल पर लाइव रहे। तकनीक की असली सार्थकता तभी है जब वह सीधे खेत-खलिहान तक पहुंचे और किसान का जीवन आसान बनाए। इस पोर्टल के जरिए अब किसानों को योजनाओं की जानकारी लेने या आवेदन करने के लिए अलग-अलग दफ्तरों और वेबसाइटों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि यह प्लेटफार्म केवल किसानों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि किसान उत्पादक संगठनों (FPOs), प्राथमिक कृषि ऋण समितियों (PACS), कृषि वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं और स्टार्टअप्स को भी एक साथ जोड़ेगा।
Mauganj, Rewa | Oct 19, 2026