
किसान पुत्र प्रमोद कुमार शर्मा ने बढ़ाया क्षेत्र का मान, सहायक निदेशक पद पर चयन के साथ ऑल राजस्थान में 8वीं रैंक
हिण्डौन सिटी।
ग्राम सिकरोदा मीना, तहसील हिण्डौन सिटी, जिला करौली निवासी किसान पुत्र प्रमोद कुमार शर्मा ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित सहायक निदेशक, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की भर्ती प्रक्रिया में प्रमोद कुमार शर्मा का चयन हुआ है। उन्होंने ऑल राजस्थान में 8वीं रैंक हासिल की है तथा अपनी श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
प्रमोद कुमार शर्मा की इस सफलता की खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव सिकरोदा मीना में खुशी की लहर दौड़ गई। परिवारजनों, ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जताई तथा प्रमोद को बधाई दी। किसान परिवार से निकलकर राज्य सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग में सहायक निदेशक के पद तक पहुंचना क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायी उपलब्धि है।
प्रमोद कुमार शर्मा वर्तमान में जयपुर के एक निजी विश्वविद्यालय में सहायक प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने अध्यापन कार्य के साथ प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी जारी रखी और निरंतर मेहनत के बल पर यह सफलता हासिल की।
उनके पिता श्री मोहन लाल शर्मा किसान हैं। ग्रामीण परिवेश से निकलकर शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षा के क्षेत्र में हासिल की गई इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में गर्व का माहौल है।
प्रमोद कुमार शर्मा ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों, परिवारजनों एवं शुभचिंतकों के सहयोग, आशीर्वाद और अपनी मेहनत को दिया। उनके चयन से हिण्डौन क्षेत्र के युवाओं में भी उत्साह का माहौल है।