जयपुर: पड़ोसी महिला पर घर में घुसकर सोने की अंगूठी और पायल चोरी करने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
जयपुर। राजधानी जयपुर में पड़ोसियों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। मनोरमा हाइट्स, नरोत्तमपुरा निवासी निधि शर्मा ने पत्रकार कॉलोनी थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए पड़ोस में रहने वाली पूनम चौधरी पर घर में जबरन घुसने, सामान अस्त-व्यस्त करने और सोने की अंगूठी व पायल गायब करने का आरोप लगाया है।
शिकायत के मुताबिक, निधि शर्मा का आरोप है कि महिला ने उनके घर के गेट की कुंडी तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद घर में रखे सामान के साथ छेड़छाड़ की और सोने की अंगूठी व पायल गायब कर दी।
परिवाद में शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित महिला अपने रिश्तेदारों के पद और प्रतिष्ठा का हवाला देकर उन्हें बार-बार परेशान करती है। इसके अलावा, सोसायटी के कुछ लोगों के साथ मिलकर परेशान किए जाने की बात भी शिकायत में कही गई है।
पीड़िता ने पुलिस से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल, लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
जर्नलिस्ट मंगल सिंह हाडा
Ladpura, Kota | Oct 22, 2026