फर्जी जीएसटी अधिकारी बनकर वसूली करने वाले चार गिरफ्तार
हमीरपुर। फर्जी जीएसटी अधिकारी बनकर ट्रक रोककर अवैध वसूली करने के मामले में कोतवाली नगर पुलिस ने चार वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में कुशीनगर निवासी भोला यादव उर्फ सनी व अमन यादव तथा लखनऊ निवासी महेश पाण्डेय और दिनेश सिंह शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार 22 सितंबर को पूर्व सांसद गंगाचरन राजपूत का किचन सामान लेकर जा रहे ट्रक को बाईपास गोल चक्कर के पास फर्जी जीएसटी अधिकारी बनकर रोककर 50 हजार रुपये की मांग की गई थी। आरोप है कि चालक से 11 हजार रुपये भी छीन लिए गए। जांच में गिरोह द्वारा फर्जी पहचान पत्र के जरिए ट्रक चालकों व मालिकों से अवैध वसूली किए जाने का खुलासा हुआ।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो फर्जी जीएसटी पहचान पत्र, दो मोबाइल व सिम बरामद किए हैं। मामले में सागर और कृष्णा फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।