मुरादाबाद में सपा प्रदर्शन के दौरान पुतला जलाने की कोशिश नाकाम, पुलिस ने छीने पुतले
मुरादाबाद। चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। सपा कार्यालय से नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता अंबेडकर पार्क पहुंचे, जहां प्रदर्शन के दौरान पुतला जलाने की कोशिश की गई।
बताया गया कि युवा कार्यकर्ता करीब चार-पांच पुतले लेकर प्रदर्शन में पहुंचे थे। जैसे ही उन्होंने पुतला जलाने का प्रयास किया, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए पुतला अपने कब्जे में ले लिया।
कार्यकर्ताओं ने कई बार पुतला जलाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस हर बार सक्रिय रही और पुतला छीन लिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।
पुलिस की मुस्तैदी के चलते प्रदर्शन के दौरान पुतला जलाने की कोशिश सफल नहीं हो सकी। मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति पर नजर रखी गई।