
लालगंज में निर्माणाधीन पुल का लॉन्चर दुर्घटनाग्रस्त, 7 श्रमिक घायल; दो हाजीपुर रेफर
हाजीपुर/लालगंज। वैशाली जिले के लालगंज क्षेत्र में गुरुवार को भारतमाला परियोजना के तहत निर्माणाधीन पुल के लॉन्चर को विस्थापित करने के दौरान दुर्घटना हो गई। हादसे में कुल 7 श्रमिक घायल हुए हैं। जिला प्रशासन के अनुसार, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
वैशाली जिला जनसंपर्क पदाधिकारी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही लालगंज प्रखंड प्रशासन और जिला प्रशासन की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। अधिकारियों ने मौके की स्थिति का जायजा लेते हुए राहत एवं बचाव कार्य का समन्वय किया तथा स्थिति को नियंत्रित किया।
सभी घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में रंजन कुमार निवासी बेगूसराय, राम भरोसे साह निवासी पटना, गुलशन निवासी पंजाब, अली इमाम निवासी पातेपुर, प्रमोद चौधरी निवासी पटना, संजीव कुमार निवासी उड़ीसा और संदीप कुमार निवासी मुजफ्फरपुर शामिल हैं।
घायल राम भरोसे साह और प्रमोद चौधरी को बेहतर चिकित्सा उपचार के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर रेफर किया गया है। वहीं अन्य घायलों का उपचार किया जा रहा है।
घटना के बाद अनुमंडल पदाधिकारी, लालगंज एवं अन्य प्रशासनिक पदाधिकारियों ने CHC लालगंज पहुंचकर घायलों के उपचार की स्थिति की जानकारी ली। वहीं वैशाली की जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह ने सदर अस्पताल हाजीपुर पहुंचकर रेफर किए गए घायलों के उपचार और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सकीय सुविधाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
हादसे के कारणों की जांच शुरू
जिला प्रशासन के अनुसार, घटना के कारणों की जांच संबंधित अधिकारियों द्वारा की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की ओर से निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों के अनुपालन और श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित एजेंसी/निर्माण कंपनी को आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं। घटनास्थल और घायलों की स्थिति पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है।
#लालगंज #वैशाली #हाजीपुर #पुलहादसा #भारतमालापरियोजना #निर्माणाधीनपुल #लॉन्चरहादसा #श्रमिकघायल #बिहारन्यूज #VaishaliNews #HajipurNews #Lalganj #YoungIndiaNews