
शराब दुकान संचालक से अवैध वसूली के मामले में मुख्य आरोपी सहित 04 गिरफ्तार
देवास। स्टेशन रोड पर शराब दुकान संचालक से दुकान चलाने के एवज में कथित तौर पर रुपए मांगने और मना करने पर गाली-गलौज, दुकान में नुकसान पहुंचाने तथा जान से मारने की धमकी देने के मामले में कोतवाली पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्रम् के तहत घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार 25 सितंबर की रात करीब 9 बजे स्टेशन रोड स्थित दुकान संचालक सतीश कुमार यादव से आरोपियों ने दुकान संचालित करने के एवज में रुपए मांगे। सतीश ने रुपए देने से इनकार किया तो उसके साथ गाली-गलौज की गई और दुकान को नुकसान पहुंचाने के साथ जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद फरियादी ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के CCTV फुटेज की जांच शुरू की। फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की और चारों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 669/2026 दर्ज करते हुए बीएनएस की धाराओं 308(2), 296(बी), 351(3), 3(5), 119(1) और 115(2) के तहत कार्रवाई की है।
मुख्य आरोपी पर पहले से मामले दर्ज
पुलिस के मुताबिक मामले के मुख्य आरोपी प्रवीण वर्मा के खिलाफ पहले भी शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट और आपराधिक धमकी सहित अन्य प्रकरण दर्ज हैं।
ये चार आरोपी गिरफ्तार
• प्रवीण वर्मा, 26 वर्ष, चामुंडा नगर, देवास
• अरुण अडसुले, 31 वर्ष, आदर्श नगर, देवास
• अंकित भंडारी, 24 वर्ष, गायत्री नगर, देवास
• दिनेश उपाध्याय, 38 वर्ष, आदर्श नगर, देवास
पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी है। कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत चौरसिया सहित उपनिरीक्षक दीपक मालवीय, जे.एस. भूरिया, प्रधान आरक्षक मनोज मौर्य, हेमंत डाबी, मुकेश तथा आरक्षक वैभव, सुजीत और सोनू की भूमिका रही।