
आंधी-बारिश के कारण बिजली के खंभे एवं तार क्षतिग्रस्त होने पर विद्युत आपूर्ति बहाल कराने हेतु अनुरोध
सगमा प्रखंड से अखिलेश राम की रिपोर्ट
सगमा : सगमा प्रखंड में लगातार दो दिनों से बारिश होने से ग्राम सोनड़ीहा के हमारे क्षेत्र में लगातार हुई तेज बारिश एवं खराब मौसम के कारण बिजली व्यवस्था पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। बारिश के दौरान एक बड़ा महुआ का पेड़ गिरने के कारण बिजली के तारों एवं विद्युत व्यवस्था को काफी नुकसान पहुंचा है। इस दुर्घटना में लगभग चार बिजली के खंभे टूट गए हैं तथा बिजली के तार भी जमीन पर गिर गए हैं। इसके कारण हमारे क्षेत्र के लगभग 100 घरों की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह से बाधित हो गई है और सभी परिवार अंधेरे में रहने को मजबूर हैं।
बिजली नहीं रहने के कारण ग्रामीणों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, पेयजल की व्यवस्था में परेशानी हो रही है तथा रात के समय लोगों को सुरक्षा संबंधी समस्याओं का भी सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा, जमीन पर गिरे हुए बिजली के तारों के कारण किसी व्यक्ति या पशु के संपर्क में आने से गंभीर दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है। इसलिए इस समस्या का शीघ्र समाधान किया जाना अत्यंत आवश्यक है।
अतः बिजली विभाग से विनम्र आग्रह है कि इस गंभीर समस्या को प्राथमिकता के आधार पर संज्ञान में लेते हुए मौके पर बिजली विभाग की टीम भेजी जाए। टूटे हुए चारों बिजली के खंभों को जल्द से जल्द बदलवाया जाए तथा क्षतिग्रस्त बिजली के तारों की मरम्मत कर सुरक्षित रूप से विद्युत लाइन को पुनः स्थापित किया जाए। साथ ही, बिजली की आपूर्ति जल्द से जल्द बहाल करने की कृपा की जाए, ताकि लगभग 100 प्रभावित घरों में पुनः बिजली उपलब्ध हो सके।
हम सभी ग्रामीण बिजली विभाग के इस कार्य में पूरा सहयोग करने के लिए तैयार हैं। अतः जनहित एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हमारी समस्या का जल्द से जल्द समाधान कराने की कृपा करें।
Garhwa, Garhwa | Aug 19, 2026