
जिला जनसम्पर्क कार्यालय दतिया (म.प्र.)
मध्यप्रदेश शासन
समाचार
प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से मिले सीईओ जिला पंचायत
आवासों को 1 नवंबर से पूर्व पूर्ण करने के दिए निर्देश
दतिया 19 अक्टूबर 2026 / प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को लाभान्वित करने तथा निर्माणाधीन आवासों को समय-सीमा में पूर्ण कराने के उद्देश्य से सीईओ जिला पंचायत श्री शैलेन्द्र सिंह ने जिला पंचायत की टीम के साथ जनपद पंचायत सेवढ़ा की ग्राम पंचायत मरसेनी बुजुर्ग का भ्रमण किया।
भ्रमण के दौरान सीईओ जिला पंचायत ने प्रधानमंत्री आवास योजना के विभिन्न हितग्राहियों से मुलाकात कर उनके आवासों की प्रगति का जायजा लिया तथा उनकी समस्याओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को हितग्राहियों की समस्याओं के निराकरण के लिए विशेष प्रयास करने और निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं को दूर करने के निर्देश दिए।
उन्होंने ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक (जीआरएस) को निर्देशित किया कि वे प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को आवश्यक सहयोग प्रदान करें तथा सभी पात्र हितग्राहियों के आवास 1 नवंबर 2026 से पूर्व पूर्ण कराना सुनिश्चित करें, ताकि मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर हितग्राहियों को सम्मानित किया जा सके।
सीईओ जिला पंचायत ने ग्राम पंचायत मरसेनी बुजुर्ग स्थित गोशाला का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं ग्राम पंचायत के अमले को निर्देश दिए कि रतनगढ़ मेले से पूर्व गोशाला का संचालन बेहतर ढंग से प्रारंभ कराया जाए। साथ ही, मेला अवधि के दौरान गोशाला में लगभग 200 पशुओं को रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने गोशाला के व्यवस्थित संचालन तथा पशुओं के समुचित प्रबंधन के लिए आवश्यक तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
क्रमांक 60/2026
--------0000-------