
मनोहरपुर में टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस के ठहराव को रेलवे बोर्ड की मंजूरी, सांसद जोबा माझी का प्रयास सफल
सिंहभूम की सांसद जोबा माझी के प्रयास से मनोहरपुर क्षेत्र के रेल यात्रियों को बड़ी सौगात मिलने जा रही है. लंबे समय से की जा रही मांग को रेलवे बोर्ड ने मंजूरी देते हुए टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस (18189/18190) का मनोहरपुर स्टेशन पर ठहराव स्वीकृत किया है. रेलवे बोर्ड की ओर से 27 अगस्त 2026 को जारी आदेश में इस ट्रेन के मनोहरपुर स्टेशन पर ठहराव को प्रायोगिक आधार पर शुरू करने की अनुमति दी गई है.
इस संबंध में सांसद जोबा माझी ने 22 जनवरी 2026 को रांची में आयोजित सांसदों की मंडलीय समिति की बैठक में रेल यात्रियों की समस्याओं और क्षेत्र की रेल सुविधाओं को लेकर महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए थे. बैठक में उन्होंने रेल जीएम एवं डीआरएम के समक्ष टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस का मनोहरपुर में ठहराव देने की मांग प्रमुखता से रखी थी. सांसद ने बताया था कि मनोहरपुर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग रोजगार, शिक्षा, इलाज और अन्य कार्यों के लिए दक्षिण भारत सहित विभिन्न राज्यों की यात्रा करते हैं. ऐसे में इस महत्वपूर्ण ट्रेन का ठहराव यात्रियों के लिए काफी उपयोगी साबित होगा.