
15 जून 2026 राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस को लेकर जागरूकता प्रचार वाहन रवाना, जिलेभर में चलाया जाएगा विशेष अभियान
15 जून 2026 राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय परिसर से उपायुक्त श्री मनीष कुमार, उप विकास आयुक्त श्री उत्कर्ष कुमार तथा सिविल सर्जन डॉ. जुझार माझी द्वारा संयुक्त रूप से जागरूकता प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस बच्चों और किशोरों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। कृमि संक्रमण बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास, पोषण स्तर, शिक्षा तथा कार्यक्षमता को प्रभावित करता है। इसलिए जिले के सभी पात्र बच्चों एवं किशोरों तक कृमिनाशक दवा की पहुंच सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने सभी अभिभावकों, शिक्षकों, आंगनबाड़ी सेविकाओं, सहियाओं एवं स्वास्थ्यकर्मियों से अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
उप विकास आयुक्त श्री उत्कर्ष कुमार ने कहा कि यह अभियान स्वास्थ्य, शिक्षा एवं समाज कल्याण विभागों के समन्वित प्रयास से संचालित किया जा रहा है। व्यापक जनभागीदारी के माध्यम से अधिकतम बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
सिविल सर्जन डॉ. जुझार माझी ने बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई जाएगी। जिला स्वास्थ्य समिति का प्रयास है कि बूथ डे के दिन ही सभी को दवा का सेवन करवाया जाए, इसके अतिरिक्त अभियान के दौरान छूटे हुए बच्चों को निर्धारित मॉप-अप दिवस पर दवा दी जाएगी ताकि कोई भी पात्र बच्चा लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि कृमि संक्रमण के कारण बच्चों में खून की कमी, कुपोषण, कमजोरी, थकान, पेट दर्द, भूख न लगना तथा पढ़ाई में एकाग्रता की कमी जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। एल्बेंडाजोल दवा पूरी तरह सुरक्षित एवं प्रभावी है तथा इसे प्रशिक्षित कर्मियों की देखरेख में दिया जाएगा।
प्रचार वाहन जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस से संबंधित संदेशों का प्रसार करेगा तथा लोगों को अभियान में भागीदारी के लिए प्रेरित करेगा। वाहन के माध्यम से कृमि संक्रमण से बचाव, स्वच्छता के महत्व, हाथ धोने की आदत, साफ-सफाई एवं कृमिनाशक दवा सेवन के लाभों के संबंध में जागरूकता फैलायी जाएगी। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर कृमिनाशक दवा अवश्य दिलाएं तथा स्वस्थ, सशक्त एवं कृमि-मुक्त पश्चिमी सिंहभूम के निर्माण में सहभागी बनें। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, स्वास्थ्यकर्मी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।