
वन्दे भारत लाइव न्यूज़ : वृंदावन (मथुरा)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मंगलवार 4 अगस्त 2026 को अपनी पत्नी और बेटी के साथ भगवान श्रीकृष्ण की नगरी वृंदावन पहुंचे। पवित्र सावन माह में उन्होंने प्रसिद्ध श्री बांके बिहारी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर हरियाणा की सुख-समृद्धि, शांति और सर्वांगीण विकास की कामना की।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने श्री कृष्ण कृपा धाम पहुंचकर गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने कृष्ण कृपा धाम में बनने वाले नए सत्संग एवं आवासीय परिसर के प्रथम तल का शिलान्यास भी किया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की इस पावन भूमि पर आकर उन्हें आत्मिक शांति और दिव्य ऊर्जा का अनुभव हुआ। उन्होंने कहा कि वृंदावन आना उनके लिए सौभाग्य की बात है और उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि तथा जनकल्याण के लिए भगवान से प्रार्थना की।
इस अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और संत-महात्माओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं से भी मुलाकात की और धार्मिक परंपराओं के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
— वन्दे भारत न्यूज़
प्रवीण कुमार
Hodal, Palwal | Aug 5, 2026