
राज्य स्तरीय कराटे में शाजापुर का जलवा, खिलाड़ियों ने जीते 5 स्वर्ण और 3 रजत पदक
बालाघाट में हुई 22वीं राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में शाजापुर के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
शाजापुर। बालाघाट में 2 से 3 सितंबर तक आयोजित 22वीं राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में शाजापुर जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया। उज्जैन संभाग का प्रतिनिधित्व कर रहे शाजापुर के पांच खिलाड़ियों ने कुमिते (फाइट) स्पर्धा में अपने-अपने वर्ग में प्रथम स्थान हासिल कर पांच स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
बालिका वर्ग में खुशी धाकड़, रिया धाकड़ और कनिका पटेल ने दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अपने प्रतिद्वंद्वियों को मात दी और स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। वहीं बालक वर्ग में यश गुर्जर और शुभम मालवी ने शानदार फाइट करते हुए अपने-अपने वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
काता में भी चमका शाजापुर
फाइट के साथ-साथ काता स्पर्धा में भी शाजापुर के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। यश गुर्जर, खुशी धाकड़ और रिया धाकड़ ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया और तीन रजत पदक जीते।
इस तरह शाजापुर जिले के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में कुल 5 स्वर्ण और 3 रजत पदक हासिल कर शानदार उपलब्धि दर्ज की।
खिलाड़ियों की इस सफलता से जिले के खेल जगत में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों, प्रशिक्षकों और क्षेत्रवासियों ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। खिलाड़ियों की यह उपलब्धि जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा बनी है।