
रक्षाबंधन पर खाद्य विभाग की कार्रवाई, 40 किलो फफूंदयुक्त खोया नष्ट
अमेठी। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले में विशेष जांच अभियान चलाया। मुसाफिरखाना और अमेठी क्षेत्र में मिठाई व खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच के दौरान टीम ने सात खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे।
मुसाफिरखाना स्थित पराग स्वीट्स कारखाने में जांच के दौरान करीब 40 किलो खोया फफूंदयुक्त पाया गया। विभाग के अनुसार खोये में चीनी मिश्रित फफूंद लगी थी। टीम ने मौके पर ही करीब 16 हजार रुपये कीमत का खोया नष्ट कराया। इसी प्रतिष्ठान से छेना मिठाई का नमूना भी लिया गया।
इसके अलावा मेसर्स धनेशा राजपूत के प्रतिष्ठान से छेना और मिल्क केक के नमूने लिए गए। एक अन्य कारखाने में गंदगी मिलने पर संचालक को सुधार के लिए नोटिस जारी किया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी पूजा गुप्ता ने अमेठी स्थित बंगाली स्वीट्स हाउस, किसान डेयरी गौरीगंज और मधुसूदन स्वीट्स एंड डेयरी से क्रमशः छेना मिठाई, खोया और कलाकंद के नमूने लिए।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-II सतीश कुमार शुक्ला ने बताया कि अभियान में कुल सात खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Amethi, Amethi | Aug 27, 2026