
नंबर प्लेट लगवाने के बहाने युवक को नशा देकर बाइक हड़पने का आरोप, एसएसपी से मुकदमा दर्ज कराने की मांग
रिपोर्ट अवधेश शर्मा
#बरेली। #सिरौली थाना क्षेत्र के ग्राम व्योधन खुर्द निवासी पंकज कुमार ने एक महिला समेत तीन लोगों पर नंबर प्लेट लगवाने के बहाने उसे नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश करने और उसकी नई मोटरसाइकिल हड़पने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से करते हुए मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और मोटरसाइकिल वापस दिलाने की मांग की है।
पंकज कुमार के मुताबिक उसने 17 फरवरी 2026 को एक्सट्रीम 160आर मोटरसाइकिल खरीदी थी, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर यूपी 25 एआर 8806 है। उस समय बाइक पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाली गीता देवी पत्नी रामचंद्र ने नंबर प्लेट दिलाने के नाम पर उसे एजेंसी ले जाने की बात कही और 10 हजार रुपये जमा भी करवाए।
पीड़ित का आरोप है कि 12 सितंबर को गीता देवी, राजकुमार पुत्र रामभरोसे और गीता का एक अज्ञात बहनोई उसे खंडेलवाल एजेंसी, हरदासपुर ले गए। वहां नंबर प्लेट की प्रक्रिया के नाम पर 10 हजार रुपये जमा कराने के बाद उसे आंवला तहसील की ओर ले जाया गया। आरोप है कि रास्ते में साजिश के तहत उसे कोई तेज नशीला पदार्थ सुंघा दिया गया, जिससे वह बेहोश हो गया।
पंकज के अनुसार होश में आने पर उसे बताया गया कि उसकी मोटरसाइकिल 70 हजार रुपये में खरीद ली गई है। आरोप है कि इस दौरान उससे कई कागजातों पर धोखे से हस्ताक्षर और अंगूठा भी लगवा लिया गया। पीड़ित ने इसे सुनियोजित धोखाधड़ी बताते हुए कहा कि घटना से उसे आर्थिक और मानसिक नुकसान हुआ है।
पंकज कुमार ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मामले की गंभीरता से जांच कर नामजद एवं अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, मोटरसाइकिल बरामद कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
Bareilly news Live #Bareilly #police #up #viral