
खण्डवा में “बलराम कृषि महोत्सव” का आयोजन 30 जुलाई को , किसानों को खेती की आधुनिक तकनीकों और कृषि यंत्रीकरण की जानकारी दी जाएगी
----
वर्ष 2026 को “कृषक कल्याण वर्ष” के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन जिला स्तर पर किया जा रहा है। खण्डवा जिले में 30 जुलाई को बलराम कृषि महोत्सव आयोजित किया जायेगा। इसके अलावा इंदौर संभाग के ही धार जिले में 17 जुलाई को, झाबुआ में 19 जुलाई को, आलीराजपुर में 21 जुलाई को, बड़वानी में 23 जुलाई को, खरगौन में 25 जुलाई को तथा बुरहानपुर में 27 जुलाई को बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। बलराम कृषि महोत्सव में किसानों को खेती की आधुनिक तकनीक, उन्नत बीजों, नवीन कृषि यंत्रों, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, फसल विविधीकरण, जल संरक्षण तथा शासन की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जायेगी, ताकि खेती अधिक लाभकारी, टिकाऊ एवं समृद्ध बन सके।
इस महोत्सव में कृषि विभाग के साथ साथ उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, सहकारिता, कृषि अभियांत्रिकी तथा अन्य संबंधित विभागों द्वारा आकर्षक प्रदर्शनी लगाई जाएगी। किसानों को विभिन्न विभागों के विशेषज्ञों से सीधे संवाद का और अपनी समस्याओं के समाधान का अवसर मिलेगा। साथ ही उन्हें नई तकनीकों एवं बाजार आधारित कृषि मॉडल की जानकारी भी मिलेगी। महोत्सव में किसानों को डिजिटल कृषि सेवाओं, ऑनलाइन कृषि परामर्श, मौसम आधारित खेती, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, ड्रोन तकनीक, स्मार्ट सिंचाई, उन्नत कृषि यंत्रों तथा आधुनिक कृषि प्रबंधन प्रणालियों की जानकारी भी दी जाएगी। विशेषज्ञ किसानों को बदलती जलवायु के अनुरूप खेती की नई पद्धतियों एवं जोखिम प्रबंधन के उपायों से भी अवगत कराया जायेगा।
Jansampark Madhya Pradesh
General Administration Department, MP
Department of Agriculture, Madhya Pradesh
#khandwa