
नारनौल में दिल दहला देने वाला दोहरा हत्याकांड, पत्नी और बेटी की गला घोंटकर हत्या
नारनौल। जिले के नांगल चौधरी क्षेत्र स्थित ढाणी ठाकरान में सोमवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी और 15 वर्षीय बेटी की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ढाणी ठाकरान निवासी अशोक कुमार खेती-बाड़ी का कार्य करता है। उसके परिवार में पत्नी राजबाला (45), दो बेटे और एक बेटी मीनाक्षी उर्फ मैना (15) थी। ग्रामीणों के अनुसार पिछले करीब एक वर्ष से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था, जिसके चलते दोनों एक ही मकान में रहते हुए भी अलग-अलग कमरों में रहते थे। यहां तक कि उनका खाना भी अलग-अलग बनता था।
बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर को भी अशोक कुमार और उसकी पत्नी राजबाला के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। हालांकि परिवार के अन्य सदस्यों और पड़ोसियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था। इसके बाद घर में सब कुछ सामान्य दिखाई दे रहा था।
आरोप है कि देर रात जब राजबाला और उसकी बेटी मीनाक्षी अपने कमरे में सो रही थीं, तभी अशोक कुमार ने दोनों का गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो मां-बेटी मृत अवस्था में पड़ी मिलीं।
घटना की सूचना मिलते ही नांगल चौधरी थाना पुलिस रात करीब दो बजे मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने घरेलू विवाद को घटना की मुख्य वजह माना है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से चल रहा पारिवारिक विवाद आखिरकार एक भयावह त्रासदी में बदल गया, जिसने एक परिवार को पूरी तरह तबाह कर दिया।