
समाहरणालय कटिहार
सूचना जनसंपर्क शाखा
प्रेस विज्ञप्ति-02
' *नशा मुक्त युवा फोर विकसित भारत' अभियान के तहत राष्ट्रव्यापी प्रतियोगिताओं के लिए 20 जुलाई तक आवेदन आमंत्रित*
कटिहार,17 जुलाई 2026 शुक्रवार।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में माय भारत द्वारा संचालित 'नशा मुक्त युवा, विकसित भारत' अभियान के अंतर्गत युवाओं में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से देशभर में जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में कटिहार जिले के युवाओं से जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने हेतु 20 जुलाई, 2026 तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
इस राष्ट्रव्यापी अभियान के प्रभावी संचालन एवं जिले के अधिकाधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के संबंध में आयोजित जिला सलाहकार समिति की बैठक में भी विस्तार से चर्चा की गई थी। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी, कटिहार ने सभी संबंधित विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, युवा क्लबों एवं अन्य हितधारकों को अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।
अभियान के अंतर्गत वाद-विवाद, स्लैम पोएट्री, रील एवं शॉर्ट फिल्म निर्माण, नुक्कड़ नाटक, नृत्य, स्लोगन लेखन, संगीत एवं रैप तथा पेंटिंग सहित कुल आठ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को नशामुक्ति का संदेश रचनात्मक एवं प्रभावशाली ढंग से समाज तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।
प्रत्येक प्रतियोगिता की प्रत्येक श्रेणी में जिला स्तर पर चयनित विजेता राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे, जबकि राज्य स्तर के प्रत्येक विजेता राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित होंगे। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित प्रतिभागी माननीय केंद्रीय गृह मंत्री की अध्यक्षता में आयोजित राष्ट्रीय युवा सम्मेलन में अपने राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह प्रतियोगिता युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगी।
जिला युवा अधिकारी, कटिहार ने जिले के सभी युवाओं, विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, युवा क्लबों तथा अन्य इच्छुक प्रतिभागियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि तक माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कर इन प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लें तथा 'नशा मुक्त युवा, विकसित भारत' के राष्ट्रीय जनआंदोलन को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
प्रतियोगिता में आवेदन करने की अंतिम तिथि 20 जुलाई, 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक प्रतिभागी समय रहते अपना पंजीकरण सुनिश्चित करें।
जिला जनसंपर्क पदाधिकारी,
कटिहार।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar #katihar @topfans
Katihar, Bihar | Jul 17, 2026