शंकरगढ़ पहाड़ी पर 31 जुलाई को होगा वृहद पौधारोपण, हरियाली बढ़ाने की तैयारी तेज
देवास। पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र बढ़ाने की दिशा में जिला प्रशासन 31 जुलाई को शंकरगढ़ पहाड़ी पर वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित करेगा। सुबह 9 बजे शुरू होने वाले इस अभियान में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन और नागरिक बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
प्रशासन ने कार्यक्रम की तैयारियां तेज कर दी हैं। संबंधित विभागों को पौधों की उपलब्धता, गड्ढों की तैयारी, सिंचाई व्यवस्था और पौधों के संरक्षण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं बल्कि उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी तय करना है ताकि लगाए गए पौधे भविष्य में घने वृक्ष बन सकें। अधिकारियों का मानना है कि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ लोगों में प्रकृति के प्रति जागरूकता भी बढ़ाएगा।