
मोतीपुर में जाली नोट के बड़े कारोबार का खुलासा! 6 गिरफ्तार, ₹71,200 नकली करेंसी बरामद
मुजफ्फरपुर: मोतीपुर थाना क्षेत्र में बिहार एसटीएफ और मुजफ्फरपुर जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में जाली नोट के कारोबार से जुड़े छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके पास से ₹71,200 की जाली भारतीय मुद्रा, एक चार पहिया वाहन और छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
एसटीएफ के अनुसार, 27 सितंबर की देर रात विशेष टीम और जिला पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मोतीपुर इलाके में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मोतीपुर, मनियारी और मोतिहारी जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से जुड़े छह लोगों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. साबिर, सुरेश राय, कृष्णा पटेल, राहुल सिंह, साधु साहनी और बीरेन्द्र पासवान के रूप में हुई है।
पुलिस ने जाली नोटों के अलावा ‘भारतीय मनोरंजन बैंक’ लिखे नोट भी बरामद किए हैं। बरामद नोटों में 500 रुपये के 1,311, 200 रुपये के 1,184 और 100 रुपये के 1,153 नोट शामिल हैं, जिनकी कुल अंकित राशि ₹10,07,600 बताई गई है।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास और जाली नोट के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
#Muzaffarpur #Motipur #BiharSTF #FakeCurrency #TirhutNow