
10 दिन में चोरी का खुलासा, 3 शातिर चोर गिरफ्तार
12.50 लाख के जेवरात, 1.34 लाख नकद और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद
कासगंज। कोतवाली कासगंज पुलिस एवं सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने 10 दिन पूर्व हुई चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 12.50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, 1.34 लाख रुपये नकद तथा चोरी की घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 8 जून को मोहल्ला मोहन निवासी बिन्दु मिश्रा ने घर के लॉकर से नगदी व जेवरात चोरी होने की सूचना दी थी, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह के निर्देशन में गठित टीम ने 17 जून की रात काली नदी पुल स्थित मां दुर्गा मंदिर के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवम राजपूत निवासी अमांपुर (कासगंज), अजय कुमार निवासी बागवाला (एटा) और कुनाल राघव निवासी कोतवाली देहात (एटा) के रूप में हुई है।
बरामद सामान में सोने की अंगूठियां, चैन, मंगलसूत्र, हार, नथ, लौंग, चांदी की पाजेब व अन्य आभूषण शामिल हैं। पुलिस आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।
#KasganjPolice #ChoriKaKhulasa #KasganjNews