
3.86 करोड़ के कॉपर भरे ट्रक के चोरी होने के मामले में एक गिरफ्तार, 5 दिन के रिमांड पर लिया
बावल से तमिलनाडु के लिए रवाना हुआ था ट्रक
रेवाड़ी समाचार पंकज कुमार
: थाना कसौला पुलिस ने मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई करते हुए बावल इंड्ट्रिरयल एरिया से तमिलनाडु के लिए रवाना हुए कॉपर इनगॉट (तांबे की सिल्लियों) से लदे ट्रक के गायब होने के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान मोहम्मद कैफ निवासी गांव गंगवानी, जिला नूंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है, ताकि चोरी किए गए माल की बरामदगी और मामले में शामिल अन्य सह-आरोपियों का पता लगाया जा सके।
जांचकर्ता ने बताया कि बावल की मेटाडेक्स इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के डायरेक्टर राहुल अरोड़ा ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया था कि गत 16 सितंबर की रात समय लगभग 9 बजे उनकी कंपनी से 24,780 किलोग्राम कॉपर इनगॉट (121 सिल्लियां), जिसकी कुल कीमत 3 करोड़ 86 लाख 26 हजार 568/- रुपये थी, अग्रवाल ट्रांसपोर्ट कंपनी के माध्यम से एक ट्रक में लोड करके जैन रिसोर्स रीसाइक्लिंग लिमिटेड (गुम्मिडीपूंडी, तिरुवल्लूर, तमिलनाडु) के लिए रवाना की गई थी। जब खेप तय समय पर गंतव्य तक नहीं पहुंची, तो कंपनी प्रबंधन ने ट्रांसपोर्टर, वाहन मालिक और चालक से संपर्क किया। पहले तो उन्हें गुमराह करने वाले जवाब दिए गए, लेकिन बाद में माल चोरी होने की बात कही गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने थाना कसौला में संबंधित धाराओं के तहत तुरंत मामला दर्ज कर गहन तफ्तीश शुरू की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा के निर्देशानुसार थाना कसौला पुलिस तथा सीआईए रेवाड़ी की संयुक्त टीमों का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए पूर्व में गत 26 सितम्बर को मध्य प्रदेश के जिला ग्वालियर के थाना मोहना क्षेत्र से वारदात में प्रयुक्त किए गए खाली ट्रक को लावारिस हालत में बरामद कर लिया था। इसके पश्चात, पुलिस टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर जाल बिछाकर बुधवार को इस पूरी साजिश में शामिल एक आरोपी मोहम्मद कैफ निवासी गांव गंगवानी जिला नूंह को सफलतापूर्वक काबू कर लिया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद कैफ को अदालत में पेश किया, जहां से अदालत ने आरोपी को 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश जारी किए हैं।
रिमांड अवधि के दौरान पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ करेगी, ताकि चोरी किए गए करोड़ों रुपये के माल (कॉपर इनगॉट) की शत-प्रतिशत बरामदगी की जा सके और इस अंतरराज्यीय गिरोह में शामिल अन्य सह-आरोपियों के नेटवर्क का पर्दाफाश कर उन्हें भी जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जा सके। पुलिस मामले की अग्रिम जांच पूरी मुस्तैदी से कर रही है।
Rewari, Rewari | Oct 2, 2026