
गावपुर में 15 दिनों से बिजली गुल, खराब ट्रांसफार्मर के विरोध में सड़क पर उतरे ग्रामीण; योगी चौक पर किया सड़क जाम।
समस्तीपुर जिले के उजियारपुर प्रखंड अंतर्गत गावपुर पंचायत में खराब ट्रांसफार्मर के कारण पिछले करीब 15 दिनों से विद्युत आपूर्ति ठप है। लंबे समय से बिजली नहीं मिलने से परेशान ग्रामीणों का आक्रोश सोमवार को सड़क पर देखने को मिला।
आक्रोशित ग्रामीणों ने योगी चौक को बांस-बल्ले से बंद कर सड़क जाम कर दिया, जिससे आवागमन बाधित हो गया। सड़क जाम की सूचना मिलने पर उजियारपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया।
पुलिस एवं संबंधित स्तर से ग्रामीणों को आश्वासन दिया गया कि आज शाम तक खराब ट्रांसफार्मर को दुरुस्त कर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
ग्रामीणों का सवाल है कि आखिर विद्युत विभाग को खराब ट्रांसफार्मर ठीक करने में 15 दिन क्यों लग गए? उपभोक्ताओं से समय पर बिजली बिल की वसूली की जाती है और बकाया राशि पर अतिरिक्त शुल्क/ब्याज भी लिया जाता है, तो फिर लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने पर उपभोक्ताओं को इसकी परेशानी क्यों झेलनी पड़ती है?
वहीं, मामले को लेकर उजियारपुर फीडर के JE से कई बार फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कॉल नहीं लगने के कारण उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका। विभाग की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया मिलने पर उसे भी खबर में शामिल किया जाएगा।
क्या 15 दिनों की बिजली कटौती के बाद अब शाम तक विद्युत आपूर्ति वास्तव में बहाल होगी? यह देखने वाली बात होगी।
Stream Bihar पर रिपोर्टर सुदर्शन कुमार की खास रिपोर्ट।
#StreamBihar #गावपुर #उजियारपुर #समस्तीपुर #बिजलीसंकट #ट्रांसफार्मर #बिजलीबंद #ग्रामीणोंकाविरोध #सड़कजाम #योगीचौक #विद्युतविभाग #बिहारन्यूज #SamastipurNews #UjiarpurNews #BiharNews #जनहित #ग्रामीणसमस्या