
सलूणी–लुहाणी मार्ग की खस्ताहालत पर जन कल्याण संगठन ने उठाई आवाज, मरम्मत की मांग
चंबा टुडे चैनल
काकू खोखर ब्यूरो
सलूणी। सलूणी–लुहाणी सड़क मार्ग की खस्ताहालत को लेकर जन कल्याण संगठन, ग्राम पंचायत खरल ने आवाज बुलंद की है। संगठन ने उपमंडल प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर बरसात के दौरान क्षतिग्रस्त हुए सड़क मार्ग और जगह-जगह उखड़ी मेटलिंग की जल्द मरम्मत करवाने की मांग उठाई है।
संगठन ने ज्ञापन में बताया कि पिछले वर्ष भारी बरसात के कारण सलूणी उपमंडल के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क मार्गों को नुकसान पहुंचा था। इनमें सलूणी–लुहाणी मार्ग भी शामिल है। सड़क के कई हिस्सों की हालत खराब होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी झेलनी पड़ रही है।
ज्ञापन के अनुसार, आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों की बहाली और पुनर्निर्माण के लिए पीडीएनए (पोस्ट-डिजास्टर नीड्स असेसमेंट) के तहत लोक निर्माण विभाग, सलूणी के लिए धनराशि स्वीकृत हुई है। संगठन ने मांग की है कि इस धनराशि का उचित उपयोग करते हुए सलूणी–लुहाणी मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर करवाई जाए।
संगठन ने यह भी कहा कि मार्ग पर हाल ही में करवाया गया मेटलिंग का कार्य कई स्थानों पर उखड़ चुका है, जिससे सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। संगठन ने संबंधित विभाग से मौके का निरीक्षण कर सड़क की वास्तविक स्थिति का आकलन करने और आवश्यक मरम्मत करवाने का आग्रह किया है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि यदि मेटलिंग का कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया जाता है, तो नियमानुसार संबंधित ठेकेदार के माध्यम से मरम्मत करवाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि सड़क की गुणवत्ता और टिकाऊपन सुनिश्चित हो सके।
कार्यकारी एसडीएम अभिराय सिंह ठाकुर ने बताया कि उन्हें संगठन का ज्ञापन प्राप्त हुआ है और इसे आगामी कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को भेजा जाएगा।
जन कल्याण संगठन, ग्राम पंचायत खरल ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि सलूणी–लुहाणी मार्ग की जल्द जांच करवाकर क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
Chamba, Chamba | Oct 16, 2026