
साइबर ठगी से लेकर गुड टच-बैड टच तक… अमेठी पुलिस ने गांव की बहू-बेटियों को किया अलर्ट, बताए मदद के नंबर
अमेठी। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर अमेठी पुलिस ने गांव-गांव पहुंचकर जागरूकता अभियान चलाया। मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के द्वितीय चरण के तहत रविवार को विभिन्न थाना क्षेत्रों में बहू-बेटी सम्मेलन एवं चौपाल आयोजित कर महिलाओं और बालिकाओं को महिला अपराध, साइबर अपराध और उनसे बचाव के उपाय बताए गए।
यह अभियान पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवणन टी. के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
गांवों में पहुंची पुलिस, महिलाओं से किया सीधा संवाद
कार्यक्रम के तहत महिला थाना पुलिस ने मुंशीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सरायखेमा, मुंशीगंज पुलिस ने ग्राम सनहा, फुरसतगंज पुलिस ने ग्राम सरवन, कमरौली पुलिस ने ग्राम सोना, मोहनगंज पुलिस ने ग्राम तिलोई, रामगंज पुलिस ने ग्राम भागीपुर तथा गौरीगंज पुलिस ने ग्राम ऐंधी में चौपाल लगाई।
चौपाल में पुलिसकर्मियों ने महिलाओं और बालिकाओं से संवाद करते हुए उन्हें किसी भी प्रकार के अपराध या उत्पीड़न की स्थिति में चुप न रहने तथा तत्काल पुलिस की मदद लेने के लिए जागरूक किया।
गुड टच-बैड टच और घरेलू हिंसा पर भी चर्चा
जागरूकता कार्यक्रम में गुड टच-बैड टच, घरेलू हिंसा, महिला संबंधी अपराध और साइबर अपराध जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। बालिकाओं को विशेष रूप से असहज स्थिति को पहचानने और जरूरत पड़ने पर भरोसेमंद व्यक्ति या पुलिस से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस टीमों ने महिलाओं को साइबर अपराध से बचाव के लिए सतर्क रहने तथा किसी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग, ओटीपी और अन्य संवेदनशील जानकारी साझा नहीं करने की सलाह भी दी।
मुसीबत में ये हेल्पलाइन नंबर आएंगे काम
महिलाओं और बालिकाओं को 1930 साइबर हेल्पलाइन, 1090 वीमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 102 व 108 एंबुलेंस सेवा, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा और 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन के बारे में जानकारी दी गई।
इसके साथ ही थानों में स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों और महिला सशक्तिकरण से संबंधित शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूकता संबंधी पैम्फ्लेट वितरित किए गए।
पुलिस के मुताबिक, मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और उपलब्ध सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करना है, ताकि जरूरत के समय वे बिना झिझक उचित माध्यम से मदद हासिल कर सकें।
Amethi Police True Bharat
Amethi, Amethi | Aug 30, 2026