
उदयपुर के ग्रामीण इलाकों में बढ़ती चोरियों पर फूटा गुस्सा, कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
उदयपुर। उदयपुर के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। कलड़वास, कानपुर, खरबड़िया, मटूण सहित कई गांवों में लगातार हो रही वारदातों से लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल है।
इसी मुद्दे पर मेवाड़ किसान संघर्ष समिति के बैनर तले ग्रामीणों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि कुछ दिन पहले उदयपुर पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहान को ज्ञापन सौंपकर चोरियों पर रोक लगाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने और चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र के ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
बैठक में मेवाड़ किसान संघर्ष समिति के संयोजक विष्णु पटेल, सहसंयोजक प्रेमचंद पटेल, धनराज पटेल, हीरालाल पटेल, भोपाजी कालू पटेल, सुरेश पटेल, नारायण पटेल, सोहनलाल, तेजराम डांगी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।