-रिक्शा में बैठी महिला का मंगलसूत्र झपटा, तीन महिलाओं ने दिया वारदात को अंजाम; एक संदिग्ध पकड़ी
भिंड। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के 17 बटालियन गेट के पास सोमवार दोपहर करीब 2 बजे ई-रिक्शा में बैठी महिला का मंगलसूत्र चोरी होने का मामला सामने आया। जानकारी के अनुसार 24 वर्षीय बॉबी पत्नी भूप सिंह जाटव निवासी मातादीन का पुरा अपनी जेठानी शिवानी, देवरानी बसंती और बच्चों के साथ ई-रिक्शा से फूफ के जाजेका पुरा मोरछठ जा रही थी।
इंदिरा गांधी चौराहे से तीन महिलाएं ई-रिक्शा में सवार हुईं। 17 बटालियन गेट के पास उन्होंने दवा लेने की बात कहकर ई-रिक्शा रुकवाया और इसी दौरान महिला के गले से मंगलसूत्र झपटकर फरार होने लगीं। महिला के शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने पीछा कर एक महिला को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि मंगलसूत्र करीब 6 ग्राम का था, जिसमें 8 सोने के मोती लगे थे। इनमें से तीन मोती गायब हैं। मंगलसूत्र की अनुमानित कीमत करीब 1.5 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Gormi, Bhind | Sep 14, 2026