धौलपुर जिले के बसेड़ी कस्बे में स्वास्थ्य विभाग ने अवैध और अपंजीकृत क्लीनिकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बीसीएमओ डॉ. अखिलेश मीणा के नेतृत्व में गठित टीम ने कई निजी अस्पतालों और झोलाछाप डॉक्टरों के ठिकानों पर छापेमारी कर जांच की। कार्रवाई की भनक लगते ही कई संचालक अपने प्रतिष्ठान बंद कर मौके से फरार हो गए। जांच के दौरान कई केंद्र अपंजीकृत पाए गए, जिन्हें सीज कर वहां से मरीजों के रिकॉर्ड, दवाइयां और इंजेक्शन जब्त किए गए। विभाग अब अवैध प्रैक्टिशनरों की सूची तैयार कर सीएमएचओ धौलपुर को भेजने की तैयारी में है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से केवल पंजीकृत चिकित्सकों से ही इलाज कराने की अपील की है।