
मंडी में दर्दनाक हादसा: सांप के काटने से दो मासूम भाई-बहन की मौत
सेहली गांव में पसरा मातम, 9 वर्षीय काव्या और 6 वर्षीय नक्ष की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मंडी। मंडी जिले के कोटली क्षेत्र के सेहली गांव में जहरीले सांप के काटने से एक ही परिवार के दो मासूम भाई-बहन की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 9 वर्षीय काव्या और उसके 6 वर्षीय छोटे भाई नक्ष के रूप में हुई है। दोनों बच्चों की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर है।
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम दोनों बच्चों ने परिवार के साथ खाना खाया और कुछ देर खेलने के बाद रात करीब 9:30 बजे अपने कमरे में सोने चले गए। शनिवार तड़के करीब 2:30 बजे काव्या ने पेट में तेज दर्द की शिकायत की। कुछ देर बाद नक्ष की तबीयत भी बिगड़ने लगी और उसने भी पेट दर्द की बात कही।
इसी दौरान परिजनों ने घर के मुख्य दरवाजे के पास एक काला सांप देखा। इसके बाद उन्हें सांप के काटने की आशंका हुई और वे दोनों बच्चों को तुरंत जोनल अस्पताल मंडी ले गए। बच्चों की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि 12 सितंबर की सुबह करीब 7:26 बजे अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम में सांप के जहर से मौत होने की पुष्टि होने की बात सामने आई है।
एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद दोनों बच्चों के शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
एक साथ दो मासूम बच्चों की मौत से सेहली गांव में मातम छाया हुआ है। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।