राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ठियोग नगर परिषद को किया सम्मानित
स्वच्छ सर्वेक्षण में देश के शीर्ष 20 शहरी निकायों में बनाई जगह, हिमाचल का बढ़ाया गौरव
Bushahr Today TV
शिमला/दिल्ली। स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए नगर परिषद ठियोग को देश के शीर्ष 20 शहरी स्थानीय निकायों में शामिल किया गया है। दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नगर परिषद ठियोग को सम्मानित किया। प्रदेश सरकार की ओर से शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने पुरस्कार प्राप्त किया।
नगर परिषद के सातों वार्डों में घर-घर कूड़ा संग्रहण और सूखा, गीला, इलेक्ट्रॉनिक व सेनेटरी कचरे को चार श्रेणियों में अलग-अलग एकत्रित करना इस सफलता का प्रमुख आधार बना। सूखे कचरे को दाड़लाघाट स्थित अंबुजा सीमेंट भेजा जाता है, जबकि गीले कचरे से खाद तैयार की जाती है।
नगर परिषद अध्यक्ष करुणा कंवर ने इस उपलब्धि का श्रेय शहरवासियों के सहयोग को दिया। वहीं कार्यकारी अधिकारी वरुण शर्मा ने सफाई कर्मचारियों की मेहनत को सम्मान का असली हकदार बताया।
Ani, Kullu | Nov 11, 2026