
भागलपुर, 23 जून 2026, जिलाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडे की अध्यक्षता में विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला-2026 की तैयारियों को लेकर समीक्षा भवन में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला सामान्य शाखा प्रभारी द्वारा पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विभिन्न विभागों द्वारा अब तक की गई तैयारियों तथा आगामी कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी दी गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने नगर परिषद, सुलतानगंज को निर्देश दिया कि 30 जून तक संबंधित एजेंसी के माध्यम से 1200 सफाई कर्मियों का योगदान सुनिश्चित कर अनुपालन प्रतिवेदन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने अंचलाधिकारी को कांवरिया पथ स्थित दुकानों की नियमित निगरानी एवं अनुश्रवण करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को नमामि गंगे घाट एवं सीढ़ी घाट तथा नगर निगम, भागलपुर को बरारी घाट एवं एस.एम. कॉलेज स्थित सीढ़ी घाट की बैरिकेडिंग कराने का निर्देश दिया। साथ ही सभी प्रमुख घाटों पर साइनेज लगाने का निर्देश देते हुए कहा कि वहां उपलब्ध जलस्तर एवं पानी की गहराई का स्पष्ट उल्लेख किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को आवश्यक जानकारी प्राप्त हो सके।
उन्होंने मेला क्षेत्र में अस्थायी दुकानों के संचालन हेतु सुलतानगंज अंचल कार्यालय में "सिंगल विंडो सिस्टम" स्थापित करने का निर्देश दिया। इस व्यवस्था के माध्यम से बिजली कनेक्शन, दुकानदारों का निबंधन तथा अन्य आवश्यक अनुज्ञप्तियां त्वरित रूप से निर्गत की जाएंगी। जिलाधिकारी ने कहा कि यदि दुकान रैयती भूमि पर भी संचालित हो रही हो, तब भी विधि-व्यवस्था की दृष्टि से उसका निबंधन अनिवार्य रूप से किया जाए, ताकि प्रत्येक दुकान की पहचान एवं अभिलेख उपलब्ध रह सके।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को श्रावणी मेला के लिए कराए जाने वाले कार्यों की निविदा प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ करने का निर्देश दिया।
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि इस वर्ष श्रावणी मेला में विगत वर्ष की तुलना में लगभग 20 प्रतिशत अधिक पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। उन्होंने इसके अनुरूप पुलिस बल के आवासन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
बैठक में नगर आयुक्त श्री किसलय कुशवाहा, अपर समाहर्ता श्री दिनेश राम, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
Dr Nawal Kishor
District Administration Patna
DM Darbhanga
District Administration, Madhubani
Madhepura District Administration
JEEVIKA Bihar
Bhagalpur Police
DM & Collector, Banka