
#गुना - स्वस्थ छात्राएँ, स्वच्छ परिसर: पेंची गर्ल्स हॉस्टल में स्वास्थ्य जांच के साथ जागरूकता का संकल्प
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के निर्देशन में विकासखंड चांचौड़ा के छात्रावासों में छात्र-छात्राओं के समग्र स्वास्थ्य संरक्षण हेतु विशेष स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में पेंची गर्ल्स हॉस्टल में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा 180 छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें बेहतर स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम चिकित्सक डॉ. अमित जायसवाल एवं सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी राधा साहू ने छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर नियमित रूप से साप्ताहिक आयरन-फोलिक एसिड (आईएफए) गोली सेवन के महत्व को समझाया। उन्होंने बताया कि आयरन की कमी से एनीमिया जैसी समस्या से बचाव के लिए नियमित आयरन गोली का सेवन अत्यंत आवश्यक है।
राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम की काउंसलर पूजा माली ने किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तनों, मासिक धर्म स्वच्छता, व्यक्तिगत साफ-सफाई तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के विषय में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं से किसी भी स्वास्थ्य समस्या को छिपाने के बजाय समय पर स्वास्थ्यकर्मियों से परामर्श लेने की अपील की।
व्हीबीडी तकनीकी पर्यवेक्षक प्रदीप सेन ने वर्षाकाल में बढ़ने वाली मच्छरजनित एवं मौसमी बीमारियों से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने स्वच्छ परिसर, जलभराव रोकने एवं व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने का संदेश देते हुए सभी छात्राओं को स्वच्छता की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय गैर-संचारी रोग (एनसीडी) कार्यक्रम के अंतर्गत छात्रावास के स्टाफ एवं शिक्षकों की रक्तचाप (बीपी) एवं रक्त शर्करा (शुगर) की जांच भी की गई।
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. सौम्या वाजपेयी ने बताया कि छात्रावासों में छात्र-छात्राओं के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ स्टाफ एवं शिक्षकों की उच्च रक्तचाप, मधुमेह सहित गैर-संचारी रोगों की समय पर स्क्रीनिंग एवं आवश्यक उपचार सुनिश्चित किया जा रहा है।
#Guna CM Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh Gwalior Commissioner Panchayat, Rural Development and Social Welfare Department of Madhya Pradesh Directorate of Health Services, Madhya Pradesh Department of School Education, Madhya Pradesh