#गुना - खाद्य सुरक्षा विभाग ने भरे मूँगफली दाना एवं दालों के सैंपल,
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार डॉ० राजकुमार ऋषिश्वर अभिहित अधिकारी, खाद्य सुरक्षा प्रशासन, जिला गुना के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग द्वारा मिलावट के विरूद्ध अभियान के अंतर्गत खाद्य प्रतिष्ठानों की जाँच एवं फूड सैंपलिंग की कार्यवाही निरंतर जारी है।
इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने प्राप्त शिकायत के आधार पर शिवनारायण रतनलाल सुर्जन पंसारी सदर बाजार गुना से तुअर दाल एवं मूँगफली दाना के सैम्पल जब्त कर जाँच हेतु प्रयोगशाला को भेजे हैं, जिनकी जाँच रिपोर्ट आने पर आगे की वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। इसके साथ ही विभाग द्वारा इण्डस्ट्रीयल एरिया गुना स्थित सोना फ्लोरमिल से दाल एवं बेसन के सैम्पल जब्त कर फैक्ट्री परिसर में गंदगी संबंधी अनियमिताऐं पाए जाने पर फैक्ट्री संचालक को अधिनियम अन्तर्गत धारा 32 का नोटिस दिया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा पूर्व में लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई है। जांच के दौरान न्यू राज डेयरी, बोहरा मस्जिद, गुना से लिया गया मावा, इंडस्ट्रियल एरिया, गुना स्थित काउरस प्राइवेट लिमिटेड से लिया गया मिल्क क्रीम तथा विशनवाड़ा स्थित लक्ष्मी किराना भंडार से लिया गया येलो डायमंड उत्पाद निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। इस संबंध में संबंधित खाद्य कारोबारकर्ताओं को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 46(4) के अंतर्गत नियमानुसार नोटिस जारी किए गए हैं।
कलेक्टर के निर्देशानुसार मिलावट के विरूद्ध अभियान अंतर्गत खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच एवं सैम्पलिंग कार्यवाही निरंतर जारी है।
#Guna CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh Department of Food, Civil Supplies & Protection - Madhya Pradesh