#स्कूली वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग की कार्रवाई, 11 बसों का चालान, तीन बसें थाने में बंद
#बलिया, संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन आजमगढ़ सुनील दत्त के पर्यवेक्षण में गुरुवार को परिवहन विभाग की टीम ने सिकंदरपुर रोड पर स्कूली वाहनों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान स्कूलों में संचालित वाहनों की जांच की गई।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन अरुण कुमार राय एवं यात्रीकर अधिकारी अरविंद कुमार जैशन के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कुल 11 बसों का चालान किया गया। वहीं, गंभीर अनियमितताओं के चलते तीन बसों को थाने में बंद कराया गया।
परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से स्कूली वाहन संचालकों में हड़कंप मचा रहा। अधिकारियों ने वाहन संचालकों को स्कूली वाहनों का संचालन निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों के अनुरूप करने की हिदायत दी।
विभाग ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और स्कूली वाहनों की जांच का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।