
ई-रिक्शा से 2 किलो 50 ग्राम अफीम बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार,
SSB और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, भारत-नेपाल सीमा से जुड़े नशा तस्करी नेटवर्क की जांच तेज,
पूर्वी चंपारण। भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र में नशा तस्करी के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई की है। छौड़ादानो थाना क्षेत्र में SSB और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने छौड़ादानो-महुआवा मार्ग के समीप एक ई-रिक्शा से 2 किलो 50 ग्राम अफीम जैसी नशीली सामग्री बरामद की है। मौके से तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान छौड़ादानो के जीतपुर निवासी विपिन कुमार, मसही निवासी फिरोज अहमद तथा नेपाल के बारा जिला निवासी दिलीप कुमार सहनी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने उक्त मार्ग पर नाकेबंदी कर ई-रिक्शा की सघन तलाशी ली। इस दौरान उसमें छिपाकर रखी गई नशीली सामग्री बरामद हुई। प्रारंभिक जांच में इसके अफीम होने की बात सामने आई है।
पुलिस ने बताया कि मामले में मुख्य रिसीवर की पहचान कर ली गई है। सीमा पार सक्रिय तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।