
प्रशिक्षित पैरावेट कार्यकर्ताओं की 10 मांगों को लेकर आंदोलन का ऐलान, 1 सितंबर से भूख हड़ताल और धरना
नैनीताल। प्रशिक्षित पैरावेट कार्यकर्ताओं की लंबित 10 सूत्रीय मांगों को लेकर पैरावेट वेलफेयर एसोसिएशन, उत्तराखंड ने आंदोलन का ऐलान किया है। एसोसिएशन ने संबंधित विभाग और सरकार से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है। मांगों का समाधान नहीं होने पर 1 सितंबर 2026 से पशुपालन निदेशालय भवन, देहरादून में प्रशिक्षित पैरावेट कार्यकर्ताओं द्वारा अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल एवं धरना शुरू करने की घोषणा की गई है।
एसोसिएशन का कहना है कि प्रशिक्षित पैरावेट कार्यकर्ता वर्षों से गांव-गांव जाकर पशुपालकों को पशु स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसके बावजूद उनकी जायज मांगों के समाधान को लेकर अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
ये हैं 10 प्रमुख मांगें
1. प्रशिक्षित पैरावेट कार्यकर्ताओं को पशुपालन विभाग के पशु चिकित्सालयों एवं पशु सेवा केंद्रों में वैक्सीनेटर एवं कृत्रिम गर्भाधान के पद पर समायोजित किया जाए।
2. प्रशिक्षित पैरावेट कार्यकर्ताओं को ₹25,000 प्रतिमाह सम्मानजनक मानदेय दिया जाए।
3. स्वास्थ्य एवं दुर्घटना बीमा तथा सामाजिक सुरक्षा का लाभ दिया जाए।
4. पैरावेट कार्यकर्ताओं का पैरावेटरी काउंसिल में रजिस्ट्रेशन कराया जाए।
5. विभागीय भर्तियों में प्रशिक्षित पैरावेट कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देते हुए अधिकतम 5 वर्ष की आयु-सीमा में छूट दी जाए।
6. पैरावेट कार्यकर्ताओं के लिए लागू ऑनलाइन प्रणाली को समाप्त किया जाए।
7. कार्य संपादन के लिए एंड्रॉयड मोबाइल एवं मासिक इंटरनेट/डेटा रिचार्ज की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
8. फर्जी अथवा बाहरी पशु चिकित्सकों पर रोक लगाते हुए प्रशिक्षित स्थानीय पैरावेट कार्यकर्ताओं के हितों की रक्षा की जाए।
9. नए कृत्रिम गर्भाधान केंद्रों एवं कार्य क्षेत्रों का आवंटन पारदर्शी और न्यायसंगत प्रक्रिया से किया जाए।
10. पिछले तीन वर्षों से लंबित गर्भाधान प्रशिक्षण एवं कार्य के मानदेय का पूर्ण एवं शीघ्र भुगतान किया जाए।
एसोसिएशन की ओर से मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, नैनीताल को भेजे पत्र में कहा गया है कि प्रशिक्षित पैरावेट कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों के समाधान के लिए 1 अगस्त 2026 से कार्य बहिष्कार किया है और आंदोलन को लगभग एक माह पूरा होने के बावजूद समाधान की दिशा में ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि वह आंदोलन को शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से आगे बढ़ाना चाहती है। संगठन ने पशुपालन मंत्री की अध्यक्षता में वार्ता कर मांगों का समाधान निकालने की अपील की है।
पैरावेट वेलफेयर एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि 1 सितंबर से प्रस्तावित भूख हड़ताल एवं धरने से पहले यदि सरकार और विभाग की ओर से सकारात्मक पहल नहीं होती है तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।
#Paravet #ParavetWorkers #Uttarakhand #UttarakhandNews #AnimalHusbandry #Veterinary #ParavetWelfareAssociation #ParavetProtest #UttarakhandProtest #Dehradun #Nainital #VeterinaryServices #AnimalHusbandryDepartment #10PointDemand #BhukhHadtal #Dharna #UttarakhandNews #BreakingNews #LatestNews #NewsUpdate
पत्र पर प्रदेश अध्यक्ष विक्रम सिंह सहित संगठन के पदाधिकारियों के हस्ताक्षर दर्ज हैं।