
शिवनगर वनरोपण अभियान का शुभारंभ, 27,500 पौधे लगाए जाएंगे
लखीसराय। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित आवरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा लखीसराय जिले के सूर्यगढ़ा प्रखंड स्थित बुधौली बनकर पंचायत अंतर्गत बाँकुड़ा गांव के समीप "शिवनगर वनरोपण 2026-27" कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार एवं वन क्षेत्र पदाधिकारी उत्तम कुमार शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। इस अभियान के तहत कुल 27,500 पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
वन विभाग द्वारा बरगद, पीपल, गम्हार, बाँस और आंवला सहित विभिन्न उपयोगी एवं पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण प्रजातियों के पौधे लगाए जा रहे हैं। इन प्रजातियों का चयन स्थानीय जलवायु एवं मिट्टी की गुणवत्ता को ध्यान में रखते हुए किया गया है, ताकि पौधों का बेहतर विकास एवं दीर्घकालिक संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।
इस अवसर पर जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की सतत प्रक्रिया है। उन्होंने जिलेवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम में वनपाल कुमोद कुमार, वनरक्षी मुन्ना कुमार, अनिल शर्मा सहित वन विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।