जनजातीय कार्य विभाग अंतर्गत एक ही हॉस्टल का किया था निरीक्षण
सहायक आयुक्त की ओर से वस्तु स्थिति जारी
-----
मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष माननीय डॉ कैलाश जाटव द्वारा गत शनिवार को श्योपुर जिले में अपने प्रवास के दौरान पुलिस लाइन रोड स्थित कन्या महाविद्यालयीन स्तरीय छात्रावास का निरीक्षण किया गया था।
कुछ लोगों द्वारा सोशल मीडिया पर डाली गई भ्रामक जानकारी के संबंध में सहायक आयुक्त आदिम जाति कल्याण विभाग श्री राकेश गुप्ता द्वारा वस्तु स्थिति जारी करते हुए बताया कि माननीय अध्यक्ष द्वारा जनजातीय कार्य विभाग अंतर्गत केवल एक ही छात्रावास का निरीक्षण श्योपुर जिले में किया गया है। 6 छात्रावासों के भ्रमण संबंधी उनकी चर्चा अन्य जिले के प्रवास से संबंधित प्रतीत होती है, क्योकि इस चर्चा में श्योपुर का नाम नही है। उनके द्वारा गत शनिवार को सौहार्दपूर्ण वातावरण में छात्रावास का न केवल निरीक्षण किया गया, बल्कि बालिकाओं से परिवार के सदस्य की तरह उनका हालचाल भी जाना। उन्होंने संतोष जताया कि छात्रावास में किसी भी बालिका को किसी तरह की परेशानी नही है। इस संबंध में उनके द्वारा एक बालिका कु. रसना के पिता श्री महावीर बैरवा निवासी अलापुरा से दूरभाष पर चर्चा भी की गई और छात्रावास में मिल रही सुविधाओं पर जानकारी प्राप्त की गई, जिसमें अभिभावक द्वारा भी संतोष जताया गया।
माननीय अध्यक्ष द्वारा सभी बालिकाओं से लगभग 30 मिनिट तक आत्मीय चर्चा की और उनके खानपान के बारे में जानकारी ली। बालिकाओं ने बताया कि हॉस्टल में खाने पीने की कोई परेशानी नही है, नाश्ता और भोजन सही तरीके से मिलता है और जिस चीज का मन होता है, वो भी बन जाता है। इस दौरान उन्होंने स्वयं भी नाश्ते में बने नमकीन चावल खा कर देखे और छात्रावासीय व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं पर संतोष जताया। उन्होंने खाद्य सामग्री की गुणवत्ता भी जांची तथा संतोष व्यक्त किया। उन्होंने बालिकाओं के साथ ग्रुप फोटो भी खिचवाया और बालिकाओं को आगे पढने के लिए शुभकामनाएं भी दी। इसके साथ ही माननीय अध्यक्ष द्वारा शिक्षा विभाग अंतर्गत बायपास रोड स्थित शासकीय उत्कृष्ट कन्या छात्रावास का अवलोकन किया गया, जिसमें भी सभी प्रकार की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गई थी।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur
Sheopur, Madhya Pradesh | Jul 19, 2026