
गारंटियों की वादाखिलाफी के खिलाफ 20 नवंबर को धर्मशाला में ‘विधानसभा घेराव’ करेगी आप
मनीष सिसोदिया करेंगे विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व, आम आदमी पार्टी ने सुक्खू सरकार से मांगा जनता से किए वादों का हिसाब
धर्मशाला -
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के चुनावी वादों और कथित वादाखिलाफी के खिलाफ आम आदमी पार्टी (आप) 20 नवंबर को धर्मशाला में बड़ा जनआंदोलन करने जा रही है। आम आदमी पार्टी के अनुसार, कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के दौरान दिल्ली और पंजाब में अरविंद केजरीवाल सरकार की जनकल्याणकारी गारंटियों की नकल कर हिमाचल की जनता से बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद सरकार अपने वादों और गारंटियों को पूरा करने में विफल रही है।
आम आदमी पार्टी का आरोप है कि कांग्रेस सरकार की कथित वादाखिलाफी के कारण प्रदेश के युवा, महिलाएं, किसान और कर्मचारी खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। इसी के विरोध में पार्टी की ओर से 20 नवंबर, शुक्रवार को दोपहर धर्मशाला में ‘विधानसभा घेराव’ किया जाएगा।
पार्टी के मुताबिक, इस विशाल विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता, दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं ‘शिक्षा क्रांति’ के जनक मनीष सिसोदिया करेंगे। सिसोदिया हिमाचल पहुंचकर प्रदेश की जनता की आवाज को बुलंद करेंगे और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार से चुनाव के दौरान किए गए वादों को लेकर जवाबदेही मांगेंगे।
आप प्रदेश नेतृत्व ने कहा कि कांग्रेस ने अरविंद केजरीवाल के मॉडल की नकल कर जनता को गारंटियां तो दीं, लेकिन उन्हें पूरा करने की नीयत और नीति सरकार के पास नहीं थी। पार्टी ने सवाल उठाया कि हिमाचल की जनता को चुनाव के दौरान किए गए वादों का हिसाब आखिर कब मिलेगा।
आम आदमी पार्टी ने प्रदेश की जनता, पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों, युवाओं, किसान और मजदूरों से अपील की है कि वे 20 नवंबर को अधिक से अधिक संख्या में धर्मशाला पहुंचकर इस जनआंदोलन का हिस्सा बनें। पार्टी ने कहा कि विधानसभा घेराव के माध्यम से सरकार पर जनता से किए गए वादों को पूरा करने का दबाव बनाया जाएगा।