
*बिना एसएमएस कटर के कोई भी हार्वेस्टर पाए जाने पर पेनल्टी के साथ एफआईआर दर्ज कराएं - कलेक्टर*
*सभी गांवों में ग्राम सभाएं आयोजित कर किसानों को पराली न जलाने करें प्रेरित*
*पराली प्रबंधन हेतु जिला प्रशासन सख्त, किसानों से सहयोग की अपील*
*कृषि अधिकारियों और हार्वेस्टर संचालकों की बैठक सम्पन्न*
*भिण्ड 12 नवम्बर 2026/*
जिले में पराली जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने और धान कटाई के दौरान पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित करने हेतु कड़े कदम उठाए जा रहे हैं।
जिसके तहत आज कलेक्टर श्री पवन जैन की अध्यक्षता में कृषि विभाग अधिकारियों, कृषि अभियांत्रिकी तथा हार्वेस्टर संचालकों की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।
कलेक्टर श्री पवन जैन ने सभी धान कटाई करने वाले हार्वेस्टर संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बिना सुपर एसएमएस कटर के कोई भी हार्वेस्टर संचालित नहीं किया जाएगा। यदि बिना एसएमएस कटर के कोई भी हार्वेस्टर पाया जाता है, तो उस पर तत्काल भारी पेनल्टी लगाई जाएगी तथा पर्यावरण को क्षति पहुंचाने और प्रतिबंधात्मक आदेश की अवहेलना के लिए प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कराई जाएगी।
हार्वेस्टर संचालकों को निर्देशित किया गया है कि धान कटाई के बाद खेतों में पराली जलाने के बजाय सुपर सीडर, बेलर मशीन अथवा अन्य वैकल्पिक तकनीकों का उपयोग करें। पराली का उचित प्रबंधन न केवल वायु प्रदूषण रोकता है, बल्कि मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने में भी सहायक है।
सभी अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) अपने-अपने क्षेत्र में इन निर्देशों के पालन को सुनिश्चित करेंगे और उल्लंघन की स्थिति में कड़ी कार्रवाई करेंगे।
कलेक्टर श्री जैन ने जिला पंचायत सीईओ को निर्देशित किया कि ग्राम सचिव, रोजगार सहायक एवं एईओ को धान उत्पादक क्षेत्रों के सभी गांवों में ग्राम सभाएं आयोजित कर किसानों को पराली न जलाने के लिए प्रेरित करें। इसके बावजूद यदि पराली जलाने की घटनाएं संज्ञान में आती हैं, तो संबंधित एईओ, रोजगार सहायक, सरपंच एवं सचिव के विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों, जनप्रतिनिधियों और किसानों से अपील की है कि सामूहिक प्रयास कर अपने गांव को पराली जलाने की घटनाओं से मुक्त बनाएं। स्वच्छ हवा और स्वस्थ पर्यावरण हम सभी की जिम्मेदारी है।
कृषि अभियांत्रिकी श्री ए. सोलंकी ने बताया है कि सरकार सभी आधुनिक यंत्रों की खरीदी पर अधिकतम 50 पर्सेंट तक अनुदान दे रही है, जिसमें एसएमएस कटर, बेलन, सुपर सीडर स्ट्रॉ रीपर तथा अन्य जो भी किसान ये यंत्र खरीदना चाहते हैं वो कार्यालय कृषि अभियांत्रिकी भिण्ड में संपर्क कर इसका लाभ ले सकते हैं।
इस दौरान सीईओ जिला पंचायत भिण्ड श्री वीरसिंह चौहान, एसडीएम गोहद श्री विकास केमोर, उप संचालक कृषि श्री के.के. पाण्डेय, सहायक संचालक कृषि श्री रामसुजान शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Gormi, Bhind | Nov 12, 2026