
बछवाड़ा थाना पुलिस ने मां-बेटी से मारपीट, गाली-गलौज और छिनतई के मामले में एक नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद गुरुवार को न्यायिक हिरासत में बेगूसराय भेज दिया। यह घटना चमथा एक पंचायत के वार्ड संख्या 5 चमथा लक्ष्मण टोल में हुई थी।
थानाध्यक्ष परेन्द्र कुमार ने बताया कि स्वर्गीय ननकी पासवान की पत्नी अमृति देवी ने इस संबंध में आवेदन दिया था। आवेदन के अनुसार, 13 जून 2026 को सुबह करीब 8 बजे उनके दरवाजे पर रखे भूसे के ढेर पर पड़ोसी चंदेश्वर पासवान ने अपनी बकरी से पेशाब और शौच करवा दिया। जब अमृति देवी ने इसका विरोध किया, तो चंदेश्वर पासवान और उनकी पत्नी सुनीता देवी उर्फ सीता देवी गाली-गलौज करने लगे।
विवाद बढ़ने पर पिंकू कुमार उर्फ कल्वर लोहे का रॉड लेकर आया और जान से मारने की नीयत से अमृति देवी के सिर पर वार कर दिया, जिससे उनका सिर फट गया और वे लहूलुहान होकर गिर गईं। इसी दौरान टिंकू कुमार ने उनके चेहरे पर लात मारी, जिससे उनकी नाक से खून बहने लगा।
अमृति देवी की बेटी सुजीता कुमारी जब बीच-बचाव करने आईं, तो सुनीता देवी ने उनके बाल पकड़कर जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद टिंकू कुमार ने लाठी-डंडों से सुजीता कुमारी को पीटा, जिससे वह भी चोटिल हो गईं। मारपीट के दौरान सुनीता देवी ने अमृति देवी के गले से सोने का जितिया भी छीन लिया।
आसपास के लोगों के इकट्ठा होने पर मां-बेटी की जान बची। जाते-जाते चंदेश्वर पासवान ने धमकी दी कि अगर केस किया तो दोनों मां-बेटी को जान से मार देंगे। अमृति देवी के आवेदन के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर तहकीकात की और स्वर्गीय वासुदेव पासवान के पुत्र चंदेश्वर पासवान को गिरफ्तार कर लिया।