
बालेसर में ब्लैक थार से पिस्टल और 5 जिंदा कारतूस बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
बालेसर (जोधपुर ग्रामीण)। आगामी पंचायतीराज चुनावों के मद्देनजर जोधपुर ग्रामीण जिला पुलिस की जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देसी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और काले रंग की थार गाड़ी जब्त की है। आरोपियों ने पिस्टल और कारतूस थार के डैशबोर्ड में छिपा रखे थे। गिरफ्तार आरोपियों में से एक के खिलाफ हत्या सहित चार आपराधिक प्रकरण पहले से दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, पुलिस मुख्यालय की ओर से पंचायतीराज चुनाव निष्पक्ष, भयमुक्त और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिला पुलिस अधीक्षक पंकज के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामेश्वर कड़ेला के निकट सुपरविजन में डीएसटी प्रभारी शंकर कड़वा को अवैध हथियार रखने वाले और आमजन में भय उत्पन्न करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
इसी क्रम में 16 अक्टूबर 2026 को डीएसटी टीम के कांस्टेबल चुतराराम से मिली सूचना के आधार पर बालेसर थाना क्षेत्र में रामनगर से चांचलवा जाने वाले कच्चे रास्ते पर नाकाबंदी की गई। इस दौरान पुलिस ने गुजरात नंबर की काले रंग की थार गाड़ी (जीजे 09 बीके 0515) को रुकवाया। गाड़ी में चालक सहित दो व्यक्ति सवार थे। पूछताछ में चालक ने अपनी पहचान गिरधारीराम पुत्र राजूराम निवासी रामनगर, उटाम्बर, थाना बालेसर तथा दूसरे व्यक्ति ने गणपतराम पुत्र भूराराम निवासी बलाऊ जाटी, थाना मंडली के रूप में बताई।
पुलिस ने सूचना के आधार पर थार की तलाशी ली तो डैशबोर्ड में छिपाकर रखी गई एक देसी पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने हथियार, कारतूस और थार गाड़ी जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में बालेसर थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
जिला पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पंचायतीराज चुनावों के दौरान सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो और वीडियो डालकर आमजन में भय उत्पन्न करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने युवाओं से अवैध या डमी हथियारों के साथ फोटो-वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड नहीं करने की अपील की है। साथ ही सोशल मीडिया पर अभद्र भाषा, आपत्तिजनक टिप्पणियों और किसी व्यक्ति या वर्ग विशेष को निशाना बनाकर भय का माहौल बनाने वाली गतिविधियों में शामिल लोगों को चिह्नित कर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई में डीएसटी प्रभारी शंकर कड़वा, सहायक उपनिरीक्षक श्रवणकुमार भंवरिया, हेड कांस्टेबल मदन मीणा, मुकनसिंह, हरेन्द्र लोहरा, कांस्टेबल चुतराराम और पपूराम की भूमिका रही। वहीं बालेसर थाना स्तर से सहायक उपनिरीक्षक सुखाराम, श्रवणराम, जीवणराम और हेमंत कुमार ने भी कार्रवाई में सहयोग किया।